Autho Publication
Author's Image

by

Suraj Aswal

View Profile

Chapter 3 :

मुझे कुछ नहीं चाहिए

मुझे कुछ नहीं चाहिए, चाहिए तो बस इतना कि वो एक बजे खाने पे बुलाए, और मैं साढ़े बारह बजे ही उसके इंतज़ार से पहले घर पहुँच जाऊँ। कि मेरी बेटी अपने हर डर, हर ख़ुशी, हर छोटी सी बात, बिना झिझक मेरे कंधे पे रख दे। कि शाम ढले, घर लौटते हुए थैले में सब्ज़ी हो, और दरवाज़े पर कोई राह देखती आँखें। कि सुबह ओस से भीगे बगीचे में, फूलों को पानी देते हुए, एक चिड़िया मेरे पास आकर बेझिझक बैठ जाए। कि एक उम्र के बाद, चार पुराने दोस्तों के साथ, चाय की भाप में बीते दिनों की ख़ुशबू ढूँढ सकूँ। कि माँ-बाप, जब तक साथ हैं, उनके पास बैठने का वक्त मेरी जेब में हमेशा बचा रहे। चाहिए बस इतना सा। ना महल, ना दौलत, ना नाम। बस, एक भरा-पूरा घर, कुछ सच्चे लोग, और एक सुकून भरी नींद।