Autho Publication
Author's Image

by

Suraj Aswal

View Profile

Chapter 1 :

चलना मेरे गाँव

गाँव छोड़ा, इस शहर की ओर चल पड़ा मैं, इस उम्मीद में, कि विकसित जगह पर, कुछ विकसित देखूँगा मैं। पर यहाँ आकर देखा, विकास के इस नक़ाब तले, आज भी बेटियाँ घरों में, और बहुएँ चारदीवारी में क़ैद हैं। ऊँची हुईं इमारतें, आलीशान हुए मकान, बढ़ा पैसा, बढ़ीं गाड़ियाँ, बढ़ी हर पहचान। पर इन सबके बीच, एक चीज़ वहीं की वहीं रह गई, लोगों की सोच, जो आज भी पुरानी ज़ंजीरों में जकड़ी रह गई। और मेरा गाँव? पहाड़ों की गोद में बसा, सीधा-सादा, जहाँ साधन भले कम थे, पर सोच थी आसमान से ज़्यादा। वहाँ आज भी मेरी बहन, खुलकर अपनी बात कहती है, और मेरी माँ, घर के हर फ़ैसले में, बराबर की भागीदार रहती है। वहाँ बेटियाँ खुलकर हँसती थीं, खुले में साँस लेती थीं, न कोई दीवार, न कोई पहरा, बस खुली आज़ादी जीती थीं। विकास, बस ऊँची इमारतों का नाम तो नहीं, विकास तो वहाँ है, जहाँ सोच पे कोई ज़ंजीर नहीं। और अगर ऐसी आज़ादी, ऐसा सच्चा विकास देखना हो कभी, तो चलना तुम कभी, मेरे साथ, मेरे गाँव।