छुट्टी मिली, घर गया। सोचा था, माँ ख़ुश होगी, दौड़कर गले लगाएगी, सिर पर हाथ फेरकर, सारी थकान मिटाएगी। और माँ ख़ुश हुई भी, बहुत, पर जैसे ही मैंने दहलीज़ पर क़दम रखा, उसने मुस्कुराते हुए पहला सवाल किया: "कितने दिन के लिए आया है, बेटा?" सवाल तो उसने प्यार से ही पूछा था, पर वो कहीं भीतर तक चुभ गया, "कितने दिन" यानी जाने की तारीख़ पहले से तय थी, कि मैं रुकने नहीं, बस मिलने आया था। फिर अच्छे बर्तन निकले, मनपसंद खाना बना, हर निवाले पर "और दूँ?" का प्यार-भरा सवाल बना। जिस रसोई में बेधड़क घुसकर खाता था कभी, आज वहीं, ज़रा सहमकर, बैठा था अभी। मेरा कमरा अब किसी और के काम आता है, मेरी पुरानी चीज़ें, संदूक़ में कहीं बंद पड़ी हैं। पूछा "मेरी वो किताबें कहाँ गईं?" हँसकर बोले "तू तो अब आता ही कहाँ है।" जिस घर को कभी सीना तानकर अपना कहता था, आज उसी घर में, रह गया बस एक मेहमान बनकर।